मोहिता शर्मा को नोवरा ने किया सम्मानित

Spread the love

नेत्र चिकित्सा, समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान; जरूरतमंदों और ग्रामीण क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की पहल को सराहा

हैलो हिन्द

नोएडा। समाजसेवा को चिकित्सा सेवा से जोड़कर जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रख्यात नेत्र चिकित्सक डॉ. मोहिता शर्मा को नोएडा विलेज रेजिडेंट्स एसोसिएशन (नोवरा) की ओर से सम्मानित किया गया। तिरुपति आई सेंटर की संस्थापक डॉ. शर्मा को यह सम्मान उनके चिकित्सा, सामाजिक सरोकारों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

डॉ. मोहिता शर्मा लंबे समय से नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। तिरुपति आई सेंटर की स्थापना के माध्यम से उन्होंने नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में आधुनिक एवं बेहतर नेत्र चिकित्सा सेवाओं को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संगठनों से जुड़कर भी उन्होंने नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है।

इलाज के साथ सेवा का संकल्प

डॉ. शर्मा की कार्यशैली की खास पहचान चिकित्सा को सामाजिक दायित्व से जोड़ना है। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रही हैं। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क अथवा रियायती उपचार उपलब्ध कराने की उनकी पहल ने चिकित्सा सेवा को मानवीय संवेदना से जोड़ने का काम किया है।

महिला सशक्तिकरण पर भी जोर

चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ डॉ. शर्मा महिला सशक्तिकरण को भी सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार मानती हैं। वे महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के लिए प्रोत्साहित करती रही हैं। विभिन्न सामाजिक मंचों के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना उनके सामाजिक कार्यों का अहम हिस्सा रहा है। उनके सामाजिक एवं चिकित्सकीय योगदान को विभिन्न मंचों पर सराहा जा चुका है और उन्हें पूर्व में भी अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया है। नोएडा में भी वे विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा से जुड़ी रही हैं।

नोवरा के अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर ने कहा कि डॉ. मोहिता शर्मा का योगदान नोएडा तक सीमित नहीं है। उन्होंने चिकित्सा सेवा को सामाजिक जिम्मेदारी के साथ जोड़ते हुए जरूरतमंद और ग्रामीण वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया है। महिला सशक्तिकरण के लिए उनके कार्य भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मोहिता शर्मा जैसी चिकित्सक और समाजसेवी हस्तियां समाज को नई दिशा देने का काम करती हैं। उनका सेवा भाव और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अनुकरणीय है। इस अवसर पर में नोवरा के उपाध्यक्ष अजय चौहान, महासचिव पुनीत राणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *