UPITS में IIA का उद्योग संवाद: राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने बढ़ाया उद्यमियों का उत्साह
IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर के स्टॉल पर उद्यमियों से संवाद, Skill Development Mission के साथ उद्योग-कौशल साझेदारी पर हुई अहम मंत्रणा
हैलो हिन्द
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में सोमवार को उद्योग, कौशल विकास और उद्यमिता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच देखने को मिला। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल ने IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर के स्टॉल H-10, 11/681 का दौरा कर उद्यमियों और पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने चैप्टर की ओर से ट्रेड शो में किए गए प्रथम प्रयास की सराहना करते हुए उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्टॉल पर पहुंचने पर IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन श्री सरबजीत सिंह एवं श्री जे.एस. राणा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान IIA गाजियाबाद टीम से श्री हर्ष गोयल, श्री संजय अग्रवाल, श्री राकेश अनेजा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

उद्यमियों के स्टॉल पर पहुंचे दिनेश गोयल
श्री दिनेश गोयल ने IIA से जुड़े उद्यमियों से सीधे संवाद किया और उनके सुझाव एवं विचार सुने। उन्होंने विभिन्न सदस्यों के स्टॉलों का भ्रमण कर उनके उत्पादों, व्यवसायिक गतिविधियों और उद्योग से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली। राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी से ट्रेड शो में भाग ले रहे IIA सदस्यों में खासा उत्साह नजर आया।

कौशल विकास और उद्योगों की जरूरतों पर मंथन
इसके बाद IIA प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के Skill Development Mission (UPSDM) के हॉल नंबर-7 स्थित स्टॉल का दौरा किया। UPSDM के कमिश्नर एवं श्री धनंजय द्विवेदी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
बैठक में कौशल विकास मिशन की गतिविधियों, उद्देश्यों और उद्योगों के साथ संभावित सहभागिता पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्यमियों ने उद्योगों की जरूरतों, रोजगारपरक कौशल और प्रशिक्षण से जुड़े अपने सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। मिशन के अधिकारियों ने सुझावों को संज्ञान में लेते हुए उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय की संभावनाओं पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने UPSDM से लाभान्वित विभिन्न एग्जीबिटर्स के स्टॉलों का भी भ्रमण किया और उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में UPSDM की ओर से अतिथियों एवं उद्यमियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए।

स्नेह भोज में भी जुटे IIA पदाधिकारी
कार्यक्रम के बाद IIA पदाधिकारी एवं सदस्यों ने EXPO INN स्थित पपीरीका कैफेटेरिया में आयोजित स्नेह भोज में सहभागिता की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर अनौपचारिक चर्चा भी हुई।
IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन श्री सरबजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल की उपस्थिति और मार्गदर्शन से चैप्टर के उद्यमियों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि UP International Trade Show जैसे मंच प्रदेश के उद्योगों को व्यापक बाजार से जोड़ने के साथ सरकार और उद्योग के बीच संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



