नमो भारत यात्रियों को बड़ा तोहफा,अब टिकट नहीं… सीधे ‘ट्रिप पास’
नियमित यात्रियों का बचेगा समय, एक तय रूट पर 1 से 40 ट्रिप तक पास की सुविधा
हैलो हिन्द
नई दिल्ली। नमो भारत में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए एनसीआरटीसी ने एनसीएमसी कार्ड पर ‘ट्रिप पास’ की सुविधा शुरू की है। इस सुविधा के तहत यात्री अपने नियमित रूट पर पहले से कई यात्राओं के लिए भुगतान कर सकेंगे। इससे उन्हें बार-बार टिकट खरीदने या एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट को रिचार्ज करने की जरूरत कम होगी और व्यस्त समय में यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।

नमो भारत से रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की है, जो नियमित रूप से एक ही स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच आते-जाते हैं। ऐसे यात्रियों के लिए ट्रिप पास उपयोगी साबित हो सकता है। यात्री अपनी जरूरत के अनुसार 1 से 40 ट्रिप तक का पास खरीद सकते हैं।
तय रूट पर अपने आप कटेगी एक ट्रिप
ट्रिप पास को एनसीएमसी कार्ड पर लोड किया जाएगा। इसके बाद यात्री द्वारा निर्धारित शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच यात्रा करने पर पास से एक ट्रिप स्वत: कट जाएगी। इसका इस्तेमाल एक दिन में कई बार किया जा सकता है, लेकिन यात्रा उसी रूट के निर्धारित स्टेशनों के बीच होनी चाहिए।
मसलन, सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नियमित सफर करने वाला यात्री अपनी जरूरत के मुताबिक पहले से कई ट्रिप खरीद सकता है। सराय काले खां से मोदीपुरम तक स्टैंडर्ड कोच का किराया ₹210 और प्रीमियम कोच का किराया ₹250 है। ऐसे में नियमित आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बार-बार कार्ड रिचार्ज करने के बजाय पहले से ट्रिप पास लेना सुविधाजनक हो सकता है।
दूसरे रूट पर ग्लोबल वॉलेट से कटेगा किराया
ट्रिप पास केवल उसी शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच मान्य होगा, जिसके लिए इसे खरीदा गया है। यदि यात्री किसी दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करता है, तो उस यात्रा का सामान्य किराया एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा। ऐसे में यात्रियों को कार्ड में पर्याप्त बैलेंस रखना होगा।
1 से 40 ट्रिप तक विकल्प
यात्रियों की यात्रा की आवृत्ति के अनुसार अलग-अलग अवधि और ट्रिप वाले पास उपलब्ध हैं। स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों कोच के लिए विकल्प दिए गए हैं।

EFO और TVM से खरीद सकेंगे पास
ट्रिप पास EFO या AFC गेट के पास स्थित काउंटर से खरीदा जा सकता है। आगे की यात्राओं के लिए पास का टॉप-अप EFO अथवा नमो भारत स्टेशनों पर उपलब्ध टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) के माध्यम से किया जा सकेगा। इसके अलावा नमो भारत यात्रियों को प्रत्येक यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट का लाभ भी मिलता है। एनसीएमसी कार्ड से नमो भारत में यात्रा पर खर्च किए गए प्रत्येक ₹1 पर एक लॉयल्टी पॉइंट मिलता है। 300 लॉयल्टी पॉइंट जमा होने पर उन्हें एक मुफ्त यात्रा के लिए रिडीम किया जा सकता है।
एनसीआरटीसी के मुताबिक, ट्रिप पास की सुविधा का उद्देश्य नियमित यात्रियों के दैनिक सफर को अधिक सुविधाजनक और समय बचाने वाला बनाना है। इसका लाभ विशेष रूप से स्कूल-कॉलेज के छात्रों, कामकाजी पेशेवरों, व्यापारियों और रोजाना एक ही रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को मिल सकता है।


