IBA उपाध्यक्ष नरेश चौहान को ‘फीना रत्न सम्मान-2026’; समाजसेवा, क्षेत्रीय विकास और जनकल्याण में योगदान के लिए मिला सम्मान
हैलो हिन्द
ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के उपाध्यक्ष एवं जेके इंडस्ट्रीज़ ग्रुप के संस्थापक नरेश चौहान को उनके पैतृक क्षेत्र फीना के विकास, समाजसेवा और जनकल्याण में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘फीना रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान ‘अगस्त क्रांति दिवस सम्मान समारोह-2026’ के अवसर पर उनके बचपन के मित्र, पूर्व परिवहन मंत्री एवं वर्तमान विधान परिषद सदस्य श्री अशोक कटारिया ने प्रदान किया।

सम्मान मिलने पर उद्यमी एवं औद्योगिक जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई। IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने नरेश चौहान को बधाई देते हुए कहा कि वे सफल उद्यमी होने के साथ-साथ समाजसेवा के प्रति समर्पित, सरल और प्रेरणादायी व्यक्तित्व हैं। संगठन की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी और सहयोग हमेशा उल्लेखनीय रहा है।

‘सम्मान नरेश चौहान का ही नहीं, पूरे IBA परिवार का’
अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि ‘फीना रत्न सम्मान’ नरेश चौहान की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ IBA परिवार और गौतम बुद्ध नगर के उद्यमी समाज के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री चौहान भविष्य में भी समाज, क्षेत्र, उद्योग जगत और IBA के विकास में इसी समर्पण के साथ योगदान देते रहेंगे।

IBA की ओर से श्री नरेश चौहान को सम्मान के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर प्रगति की कामना की गई।


