AI से रोजगार की नई राह, ब्लूडॉट्स बनेगा युवाओं और MSME के बीच सेतु

Spread the love

ब्लू डॉट्स प्लेटफॉर्म के डेमो डे में देश के 7 प्रमुख स्टार्टअप्स ने दिखाए रोजगार के नए मॉडल, एआई के जरिए नौकरी और कर्मचारी तलाशने की प्रक्रिया को आसान बनाने पर जोर

हैलो हिन्द

गाजियाबाद। युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार और एमएसएमई इकाइयों को जरूरत के मुताबिक कुशल कर्मचारी उपलब्ध कराने की दिशा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक बड़ा बदलाव ला सकता है। इसी संभावनाओं को सामने रखते हुए एचएलएम कॉलेज, दुहाई, मेरठ रोड, गाजियाबाद में ब्लू डॉट्स प्लेटफॉर्म का डेमो डे आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में रोजगार के क्षेत्र में काम कर रहे देश के 7 प्रमुख स्टार्टअप्स ने हिस्सा लिया। स्टार्टअप्स ने एमएसएमई उद्यमियों के सामने अपने ऐसे तकनीकी समाधान और प्रयोग प्रस्तुत किए, जिनके माध्यम से कंपनियों को उपयुक्त कर्मचारी खोजने तथा नौकरी तलाशने वालों को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जा सकता है।

एआई से बदलेगा नौकरी और कर्मचारी तलाशने का तरीका

कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण एआई आधारित रोजगार समाधान रहे। विभिन्न स्टार्टअप्स ने बताया कि आधुनिक तकनीक के जरिए नौकरी तलाशने वाले युवाओं की योग्यता, कौशल और आवश्यकताओं का बेहतर मिलान कंपनियों की जरूरतों से किया जा सकता है। इससे एक ओर बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं दूसरी ओर एमएसएमई को सही कर्मचारी तलाशने में लगने वाला समय और संसाधन कम हो सकता है। स्टार्टअप्स के प्रस्तुतिकरण और उनकी नवीन तकनीकों को उद्यमियों ने काफी सराहा। कई प्रस्तुतियों के दौरान उपस्थित उद्यमियों ने करतल ध्वनि से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उद्यमियों का कहना था कि एमएसएमई क्षेत्र में कर्मचारियों की उपलब्धता और सही प्रतिभा की तलाश लंबे समय से बड़ी चुनौती रही है, ऐसे में तकनीक आधारित समाधान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।


उपेन्द्र गोयल बोले-रोजगार की खाई पाटेगा ब्लूडॉट्स

कार्यक्रम में एआईएमओ के अध्यक्ष उपेन्द्र गोयल ने अतिथियों का स्वागत और कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने कहा कि ब्लूडॉट्स का उद्देश्य रोजगार चाहने वालों और रोजगार देने वाले एमएसएमई के बीच की दूरी को कम करना है। एआई की मदद से योग्य युवाओं को सही अवसर और उद्योगों को उनकी जरूरत के अनुरूप कर्मचारी उपलब्ध कराने की दिशा में यह प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

सीडीओ कुमार सौरभ रहे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गाजियाबाद के मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ (आईएएस) रहे। कार्यक्रम की रचना वन-स्टैप एनजीओ, बेंगलुरु द्वारा, आयोजन एआईएमओ (यूपी स्टेट बोर्ड) तथा मेजबानी एचएलएम कॉलेज द्वारा की गई।

कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मंत्रालय, ईवाई, करियर लॉन्चर सहित देश के कई प्रमुख स्टार्टअप्स ने अपने डेमो और प्रस्तुतियां दीं। विशेषज्ञों ने रोजगार के बदलते स्वरूप, तकनीक की भूमिका और एमएसएमई क्षेत्र की मानव संसाधन संबंधी जरूरतों पर भी प्रकाश डाला।

उद्यमियों की बड़ी भागीदारी

डेमो डे में मनोज शर्मा, संजीव गुप्ता, राजीव गुप्ता, बृजेश चौधरी, संजय टिबरेलाल, निर्मल सिंह, अनिल गर्ग, संजीव अरोड़ा, डॉ.अतुल जैन, अरुण शर्मा, राकेश छारिया, सुनील त्यागी, अनुज शर्मा, राकेश मित्तल, मुकेश गर्ग, राज ढींगरा, सत्येंद्र गौतम, अमित अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में उद्यमियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में एचएलएम कॉलेज के डायरेक्टर अनुज गर्ग ने सभी अतिथियों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों और उद्यमियों का आभार व्यक्त किया तथा उपस्थित लोगों को जलपान के लिए आमंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *