लघु उद्योग भारती की 10वीं कार्यकारिणी बैठक में विशेषज्ञों ने बताए लागत घटाने के उपाय
हैलो हिन्द
ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक इकाइयों की बढ़ती ऊर्जा लागत के बीच लघु उद्योग भारती, जिला गौतमबुद्धनगर की 10वीं कार्यकारिणी सदस्य बैठक में उद्योगों को ऊर्जा दक्ष बनाने और लागत कम करने के विकल्पों पर मंथन हुआ। ग्रेटर नोएडा स्थित जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में ऊर्जा बचत के साथ वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में ईईएसएल के ग्लोबल हेड आदेश सक्सेना और प्रगति पावर कॉरपोरेशन के जीएम एवं एईई आरके यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशेषज्ञों ने उद्यमियों को ऊर्जा की खपत कम करने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और बायोगैस के उपयोग से जुड़े विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी।

वैज्ञानिक तरीके से ऊर्जा बचत पर जोर
बैठक में बताया गया कि उद्योगों में ऊर्जा की खपत को तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों से नियंत्रित कर उत्पादन लागत को कम किया जा सकता है। इसके साथ ही वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाने से औद्योगिक इकाइयों को लंबे समय में आर्थिक लाभ मिल सकता है। उद्यमियों ने ऊर्जा बचत से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों से जानकारी भी ली।

लघु उद्योग भारती जिला गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष नरेश कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के तकनीकी सत्र उद्यमियों के लिए बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा दक्षता से जुड़ी जानकारी उद्योगों की मौजूदा जरूरतों के अनुरूप है। जिला महामंत्री संजय बत्रा ने कहा कि संगठन की ओर से हर माह किसी न किसी महत्वपूर्ण तकनीकी विषय पर सदस्यों के साथ संवाद किया जाता है। उन्होंने कहा कि बैठक में सदस्यों की अच्छी भागीदारी रही और कार्यक्रम से उद्यमियों को व्यावहारिक जानकारी मिली।
बड़ी संख्या में उद्यमियों की मौजूदगी
बैठक में लघु उद्योग भारती जिला इकाई की उपाध्यक्ष परिधि सिंह, लघु उद्योग भारती नोएडा इकाई के अध्यक्ष अमित कुमार सिंघल, महामंत्री सुभाष राणा, यूपीसीडा अध्यक्ष अंकुर जैन, कोषाध्यक्ष विवेक अरोड़ा, सुमन सिंह, कुम्मू जोशी भटनागर सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


