IBA का हेल्थ मिशन, जेएमडी कॉरपोरेशन में स्वास्थ्य शिविर

Spread the love

जेएमडी कॉरपोरेशन में स्वास्थ्य शिविर, 200 से अधिक कर्मचारियों, श्रमिकों और उद्यमियों की हुई जांच

हैलो हिन्द 

ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों के स्वास्थ्य को लेकर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने एक और जनहितकारी पहल की। जिला प्रशासन गौतम बुद्ध नगर के मार्गदर्शन में आईबीए एवं यथार्थ अस्पताल, ओमेगा-1, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त सौजन्य से जेएमडी कॉरपोरेशन, क्यू-003, साइट-5, कासना औद्योगिक क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 200 से अधिक कर्मचारियों, श्रमिकों और उद्यमियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि ईशु चौधरी (सहायक प्राध्यापक, आईआईएलएम विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा) ने फीता काटकर किया। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच को जरूरी बताते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। शिविर में रक्त शर्करा, रक्तचाप, हृदय की जांच (ईसीजी) और नेत्र जांच की गई। चिकित्सकों ने विशेषज्ञ परामर्श देने के साथ जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराईं। यथार्थ अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम के साथ अस्पताल के विपणन प्रबंधक सोनू कुमार ने सेवाएं प्रदान कीं।
स्वस्थ कर्मचारी ही उद्योग की असली ताकत’
 
आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि उद्योग की सबसे बड़ी पूंजी उसकी मशीनें नहीं, बल्कि कर्मचारी और श्रमिक हैं। कर्मचारी स्वस्थ होंगे तो उत्पादकता बढ़ेगी और उद्योग मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि समय के अभाव में कई श्रमिक नियमित जांच नहीं करा पाते, इसलिए आईबीए स्वास्थ्य सेवाओं को उद्योगों तक पहुंचाने के लिए लगातार ऐसे शिविर आयोजित कर रहा है। आईबीए महासचिव डॉ. सुनील दत्त शर्मा ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता स्वस्थ कार्य संस्कृति की बुनियाद है। आईबीए भविष्य में भी कर्मचारियों एवं उद्योगों के हित में ऐसे कार्यक्रम जारी रखेगा। कार्यक्रम को आईबीए के कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना एवं संयुक्त सचिव सी. विकास राय ने भी संबोधित किया।
शिविर की व्यवस्थाओं में जेएमडी कॉरपोरेशन के निदेशक एवं आईबीए साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र के सचिव वीरेन्द्र रावल के साथ रचना रावल, वंश रावल,  विक्रांत रावल, कृती रावल एवं प्रेरणा रावल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई। इस अवसर पर साइट-5, कासना एवं द्विविक क्षेत्र चौकी प्रभारी हर्षवर्धन यादव अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और स्वास्थ्य शिविर की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *