PNG की बढ़ती कीमतों से MSME पर संकट, IEA ने IGL के सामने उठाया मुद्दा

Spread the love

IEA ने IGL के सामने उठाया मुद्दा, कीमत घटाने के साथ पारदर्शी मूल्य निर्धारण और पूर्व सूचना की मांग

हैलो हिन्द

नोएडा। PNG की लगातार बढ़ती कीमतों ने गाजियाबाद के MSME उद्योगों की चिंता बढ़ा दी है। इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) के प्रतिनिधिमंडल ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के अधिकारियों से मुलाकात कर PNG की कीमतों में हुई तेज वृद्धि का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। संगठन ने कहा कि PNG की कीमत करीब ₹52 प्रति SCM से बढ़कर ₹99 प्रति SCM तक पहुंच गई है, जिससे उद्योगों की उत्पादन लागत पर सीधा और गंभीर असर पड़ रहा है।

IEA अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बैठक में कहा कि पिछले कुछ महीनों में PNG की कीमत लगभग दोगुनी हो गई है, लेकिन MSME ग्राहकों से उत्पादों की कीमत उसी अनुपात में बढ़ाना संभव नहीं है। बाजार में प्रतिस्पर्धा के चलते ग्राहक बढ़ी हुई कीमत स्वीकार नहीं कर रहे हैं। ऐसे में ऊर्जा लागत का अतिरिक्त बोझ सीधे उद्योगों की कार्यशील पूंजी और मुनाफे पर पड़ रहा है।

ऊर्जा लागत बढ़ी, लेकिन उत्पादों के दाम बढ़ाना मुश्किल

संजीव शर्मा ने कहा कि MSME पहले से ही वेतन, कच्चे माल, परिवहन और अन्य उत्पादन लागतों में वृद्धि का दबाव झेल रहे हैं। ऐसे में PNG की कीमत में इतनी तेज बढ़ोतरी छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि ऊर्जा लागत इसी तरह बढ़ती रही तो इसका असर केवल उद्योगों की लाभप्रदता पर नहीं, बल्कि उत्पादन, रोजगार और इकाइयों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर भी पड़ेगा।

अचानक कीमत बढ़ने से प्लानिंग होती है प्रभावित’

IEA प्रतिनिधिमंडल ने PNG की कीमतों में बदलाव को लेकर पारदर्शिता का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने कहा कि उद्योगों को कीमत बढ़ने की पर्याप्त पूर्व सूचना यानी pre-intimation मिलनी चाहिए। अचानक कीमत बढ़ने से कंपनियों के लिए उत्पादन लागत, उत्पाद मूल्य, ग्राहक अनुबंध और भविष्य की कारोबारी योजना तैयार करना मुश्किल हो जाता है। IEA ने IGL से मांग की कि MSME क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए PNG की कीमतों में तत्काल राहत दी जाए और भविष्य में मूल्य संशोधन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाए। संगठन ने कहा कि ऊर्जा लागत में स्थिरता और पूर्व सूचना मिलने से उद्योग अपने कारोबार की बेहतर योजना बना सकेंगे।

IGL अधिकारियों से हुई विस्तृत चर्चा

बैठक में IGL की ओर से अशोक कुमार, GM (PNG Marketing), अर्जुन शुक्ला, DGM (Marketing) और पॉली गेरा, DGM (PNG Marketing) मौजूद रहे। IEA प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष संजीव शर्मा, पी.के. तिवारी, अंकित गोयल, महिपाल सिंह और विपुल गर्ग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *