लघु उद्योग भारती ने दिखाई संगठन की शक्ति

Spread the love

स्थापना दिवस समारोह में 70 नए उद्यमी जुड़े, 200 से अधिक की रही सहभागिता, उद्योग हितों के साथ सामाजिक दायित्व पर भी जोर

हैलो हिन्द| 

नोएडा। लघु उद्योग भारती के स्थापना दिवस समारोह में संगठन की बढ़ती ताकत, उद्योग जगत की एकजुटता और सामाजिक सरोकारों का प्रभावशाली संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में 200 से अधिक उद्यमियों की सहभागिता रही, जबकि करीब 70 नए उद्यमियों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण कर इसे और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

समारोह का शुभारंभ लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती अब केवल उद्योगों की समस्याएं उठाने वाला मंच नहीं, बल्कि सरकार की नीति निर्धारण प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने वाला प्रभावशाली संगठन बन चुका है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन के कई सदस्य विभिन्न सरकारी बोर्डों और समितियों में शामिल होकर उद्यमियों की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचा रहे हैं। आने वाले समय में केंद्र और राज्य सरकारों के साथ समन्वय कर उद्यमियों के लिए नई योजनाएं, सुविधाएं और औद्योगिक विकास से जुड़े कार्यों को गति दी जाएगी। उद्यमियों से अपील करते हुए कहा कि उद्योग केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि समाजहित और राष्ट्र निर्माण में भी उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत नए उद्यमियों का उत्साह रहा। करीब 70 युवा और नए उद्यमियों ने सदस्यता लेकर संगठन के साथ जुड़ने का निर्णय लिया। कई उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि लघु उद्योग भारती आज उद्योग जगत की मजबूत और भरोसेमंद आवाज बन चुकी है।

यह आयोजन संभाग अध्यक्ष पवन सिंघल के प्रतिष्ठान पर आयोजित किया गया। पवन सिंघल ने कहा कि लघु उद्योग भारती लगातार छोटे और मध्यम उद्योगों की आवाज को मजबूती देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन उद्यमियों को केवल समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें एक मजबूत नेटवर्क, मार्गदर्शन और सामूहिक शक्ति भी प्रदान करता है। उन्होंने नए उद्यमियों के जुड़ने को संगठन की बढ़ती विश्वसनीयता और उद्योग जगत के विश्वास का प्रतीक बताया।

समारोह में लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री अमित अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष रमन चावला, संभाग महासचिव अनुपम गुप्ता, जिला अध्यक्ष नरेश गुप्ता, महासचिव संजय बतरा, पूर्व जिला अध्यक्ष एलबी सिंह, लघु उद्योग भारती नोएडा इकाई अध्यक्ष अमित सिंघल, कोषाध्यक्ष आदेश शर्मा, राज कुमार शर्मा, ईशान अग्रवाल, अंकुर जैन सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *