IIA की 35वीं वार्षिक आम सभा और एमएसएमई पुरस्कार-2026 में उद्योग विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और विकसित भारत-2047 पर होगा मंथन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि
हैलो हिन्द
ग्रेटर नोएडा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) की 35वीं वार्षिक आम सभा एवं एमएसएमई पुरस्कार-2026 समारोह का आयोजन एक सितंबर को ग्रेटर नोएडा स्थित द वेडिंग्स डॉट में होगा। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देशभर से 1000 से अधिक एमएसएमई उद्यमियों के जुटने की संभावना है। आईआईए गाजियाबाद चैप्टर से भी करीब 100 से 150 पदाधिकारी एवं उद्यमी समारोह में हिस्सा लेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे। कार्यक्रम में वार्षिक आम सभा के साथ उद्योग प्रतिनिधियों के साथ खुला संवाद, तकनीकी सत्र, नेटवर्किंग, मेल-मिलाप और एमएसएमई पुरस्कार समारोह प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

इस वर्ष आयोजन की थीम ‘एमएसएमई विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और विकसित भारत-2047’ रखी गई है। तकनीकी सत्र में व्यवसाय विकास एवं विस्तार मॉडल पर विशेषज्ञ राहुल जैन विशेष सत्र लेंगे। इसके अलावा व्यापार सुगमता, भुगतान में देरी, तकनीकी उन्नयन, निर्यात, हरित विनिर्माण, महिला उद्यमिता और सरकारी योजनाओं जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
उत्कृष्ट उद्यमियों को मिलेगा एमएसएमई पुरस्कार
समारोह में उल्लेखनीय कार्य करने वाले एमएसएमई उद्यमियों को एमएसएमई पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। वहीं विकसित भारत-2047 के निर्माण में एमएसएमई की भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से एक ‘व्यवसाय दस्तावेज’ भी जारी किया जाएगा। आईआईए के अनुसार, वर्ष 1985 में उद्यमियों के एक छोटे समूह से शुरू हुआ संगठन आज 8 राज्यों, 52 क्षेत्रों और 16,500 से अधिक सदस्यों का व्यापक नेटवर्क बन चुका है। संगठन एमएसएमई से जुड़े मुद्दों और सुझावों को सरकार के समक्ष रखने तथा औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

ऊर्जा बचत से बढ़ेगी एमएसएमई की कमाई
इसी क्रम में आईआईए गाजियाबाद चैप्टर की ओर से 58वीं मंथन बैठक का भी आयोजन किया गया। इसका विषय ‘एनर्जी सेविंग एवं एनर्जी ऑडिट के जरिए एमएसएमई इंडस्ट्री की प्रोफिटेबिलिटी बढ़ाना’ रहा। बैठक में एसईईएम के विशेषज्ञ डॉ. सीएस आजाद, प्रमाणित ऊर्जा ऑडिटर तथा डॉ. आरके यादव, मान्यता प्राप्त ऊर्जा ऑडिटर ने ऊर्जा ऑडिट और ऊर्जा बचत के माध्यम से औद्योगिक लागत कम करने के व्यावहारिक उपाय बताए। आईआईए गाजियाबाद के चेयरमैन हर्ष अग्रवाल ने कहा कि ऊर्जा लागत को नियंत्रित करना एमएसएमई की प्रतिस्पर्धात्मकता और लाभप्रदता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रेस वार्ता में दी आयोजन की जानकारी
एक सितंबर के राष्ट्रीय आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आईआईए के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नीरज सिंघल, इलेक्टेड सीईसी सदस्य राकेश अनेजा, राष्ट्रीय सचिव अमित नागलिया, डिविजनल चेयरमैन संजय अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन मनोज कुमार, चैप्टर चेयरमैन हर्ष अग्रवाल, सचिव कुलदीप अत्री, कोषाध्यक्ष दिनेश गर्ग और वाइस चेयरमैन संजय गर्ग ने कार्यक्रम की तैयारियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।


