श्रम दिवस पर 100 मजदूरों की हुई जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सलाह
हैलो हिन्द
ग्रेटर नोएडा। श्रम दिवस के अवसर पर इंडस्ट्रियल एंट्रेपरेणुर्स एसोसिएशन (IEA) ने एक सराहनीय पहल करते हुए श्रमिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) और जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस शिविर ने मजदूरों को न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं, बल्कि उनके प्रति उद्योग जगत की जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश दिया।

इस शिविर का आयोजन यथार्थ हॉस्पिटल के सहयोग से किया गया, जिसमें करीब 100 श्रमिकों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई। विभिन्न रोगों से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया और विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल ने श्रमिकों को जरूरी परामर्श भी दिया। शिविर में पहुंचे श्रमिकों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को खुलकर डॉक्टरों के सामने रखा। डॉक्टरों ने उनकी जांच कर उन्हें उचित दवाइयों और जीवनशैली संबंधी सलाह दी, जिससे श्रमिकों को काफी राहत और जागरूकता मिली।

इस मौके पर UPSIDA के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा और जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त पंकज निर्वाण भी मौजूद रहे। उन्होंने श्रमिकों से संवाद करते हुए IEA की इस पहल की सराहना की और इसे श्रमिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

IEA के संयुक्त सचिव दिनेश चौहान ने बताया कि संस्था पिछले 20 दिनों से लगातार जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रही है। साथ ही, श्रमिकों को 5 किलोग्राम LPG सिलेंडर भी वितरित किए जा रहे हैं, जिससे उनकी जीवन-स्तर में सुधार हो सके। IEA के क्षेत्रीय सचिव महिपाल चौहान ने यथार्थ हॉस्पिटल के डॉक्टरों और स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और समाज व उद्योग के बीच मजबूत रिश्ते कायम करतेlहैं।


