MSME के विकास का विजन लेकर राष्ट्रीय मंच पर पहुंचे हेमंत शर्मा
120 औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच छह प्रमुख पैनल सदस्यों में शामिल हुए फिम्टिया अध्यक्ष; डिजिटल प्लेटफॉर्म, उद्योगों की समस्याओं और भविष्य की कार्ययोजना पर दिया जोर
हैलो हिन्द
फरीदाबाद। एमएसएमई की चुनौतियों से लेकर डिजिटल सशक्तीकरण तक, फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (FIMTIA) के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने सिडबी के राष्ट्रीय मंच पर औद्योगिक विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया। देशभर के करीब 120 औद्योगिक संगठनों की मौजूदगी में उन्होंने फरीदाबाद के उद्योगों की जरूरतों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को प्रमुखता से रखा।
हेमंत शर्मा ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) के राष्ट्रीय कार्यक्रम में फरीदाबाद का प्रतिनिधित्व किया। इस कार्यक्रम में उन्हे छह विशिष्ट पैनल सदस्यों में शामिल किया गया। कार्यक्रम में सिडबी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मनोज मित्तल, उप प्रबंध निदेशक प्रकाश कुमार और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।FIMTIA की ओर से महासचिव रमेश अरोड़ा ने भी सहभागिता की।

डिजिटल सुविधाओं से उद्योगों को सशक्त बनाने पर जोर
राष्ट्रीय मंच पर हेमंत शर्मा ने SIDBI के सहयोग से DIA कार्यक्रम के तहत FIMTIA द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि FIMTIA उद्योगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वेबसाइट, डिजिटल वेब डायरेक्टरी, बी2बी प्लेटफॉर्म और एमएसएमई समाधान केंद्र जैसी पहल पर काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश में केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योगों तक सही जानकारी पहुंचाना, डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल बढ़ाना और औद्योगिक संगठनों की कार्यक्षमता को मजबूत करना भी जरूरी है।

श्रम संहिताओं से लेकर सौर ऊर्जा तक, उद्योगों को जागरूक करने की पहल
हेमंत शर्मा ने FIMTIA की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। इनमें नई श्रम संहिताओं, एमएसएमई से संबंधित सरकारी योजनाओं, औद्योगिक नीतियों, सौर ऊर्जा पर उपलब्ध सब्सिडी और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर उद्योगों को जानकारी देने के प्रयास शामिल हैं। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं को संबंधित विभागों और नीतिगत मंचों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि उद्योगों को समय पर सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन मिलने से वे सरकारी योजनाओं का बेहतर लाभ उठा सकते हैं और अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के नए अवसर तलाश सकते हैं।

SIDBI के समक्ष रखी भविष्य की कार्ययोजना
कार्यक्रम के दौरान हेमंत शर्मा ने FIMTIA की आगामी योजनाओं को भी प्रस्तुत किया। इनमें डिजिटल सुविधाओं का विस्तार, नियमित जागरूकता कार्यक्रम, सरकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी उद्योगों तक पहुंचाना, एमएसएमई की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद बढ़ाना और SIDBI के सहयोग से नई पहल शुरू करना प्रमुख रूप से शामिल रहा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संगठनों की मजबूती का सीधा लाभ उनके सदस्य उद्योगों को मिलता है। ऐसे संगठन उद्योगों को जानकारी और मार्गदर्शन देने के साथ-साथ उनकी सामूहिक समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

FIMTIA की टीम को दिया उपलब्धि का श्रेय
हेमंत शर्मा ने इस अवसर के लिए SIDBI के नेतृत्व और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत मंडपम जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर फरीदाबाद के औद्योगिक जगत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का विषय है। ऐसे कार्यक्रम विभिन्न औद्योगिक संगठनों को अपने अनुभव साझा करने, नई कार्यप्रणालियों को समझने और भविष्य की योजनाओं को बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय FIMTIA के सभी सदस्यों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी और पूर्व अध्यक्षों के सहयोग एवं विश्वास को देते हुए कहा कि संगठन भविष्य में भी SIDBI के साथ मिलकर ऐसी पहल जारी रखेगा, जिनसे फरीदाबाद के औद्योगिक क्षेत्र और एमएसएमई इकाइयों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।


