एक ही टेंडर लिस्ट में 779 विकास कार्य, गाजियाबाद नगर निगम ने बनाया नया रिकॉर्ड

Spread the love

एक ही टेंडर लिस्ट में 779 विकास कार्य, गाजियाबाद नगर निगम ने बनाया नया रिकॉर्ड

करीब ₹271 करोड़ के कामों को मिली हरी झंडी, 100 वार्डों में सड़क, नाली-नाला समेत विभिन्न विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

हैलो हिन्द
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम ने विकास कार्यों के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम किया है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में वर्ष 2026-27 के लिए पहली बार एक ही निविदा सूची में 779 विकास कार्य शामिल किए गए हैं। इन कार्यों की कुल अनुमानित लागत करीब 270 करोड़ 96 लाख रुपये है। निगम के निर्माण विभाग द्वारा तैयार की गई निविदाएं अब प्रकाशित कर दी गई हैं और अगले माह इनके खुलने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
इन 779 कार्यों में ए-क्यूआई के 66 कार्यों पर करीब 134 करोड़ 85 लाख रुपये, अवस्थापना निधि के 13 कार्यों पर करीब 39 करोड़ 79 लाख रुपये तथा पार्षद, नामित पार्षद एवं अन्य मदों के 713 कार्यों पर करीब 96 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
हर वार्ड में दिखेगा विकास का असर
 
नगर निगम के मुताबिक इन विकास कार्यों के पूरा होने से शहर के सभी 100 वार्डों में सड़क, नाली, नाला और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी। निगम का कहना है कि विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त प्रस्तावों को शामिल करते हुए विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर लिया गया है।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर में चारों तरफ विकास कार्य दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि 779 कार्यों को एक साथ निविदा में लाना नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्रक्रिया के लिए बधाई दी।
महापौर के अनुसार, विकास कार्यों के चयन में किसी प्रकार का पक्षपात नहीं किया गया है और विपक्षी पार्षदों के क्षेत्रों में भी समान रूप से विकास कार्य शामिल किए गए हैं।
निगम अधिकारियों के अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में विकास कार्यों को एक ही निविदा सूची में शामिल करना अब तक का रिकॉर्ड है। आने वाले समय में निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कार्यों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *