एम्प्लॉईज एनरोलमेंट कैंपेन और विश्वास स्कीम-2026 पर हुई चर्चा, ईपीएफओ अधिकारियों ने उद्यमियों के सवालों का दिया समाधान

Spread the love

PF नियमों की उलझन दूर करने आगे आया IBA

ईपीएफओ अधिकारियों ने उद्यमियों के सवालों का दिया समाधान

एम्प्लॉईज एनरोलमेंट कैंपेन-2026 और विश्वास स्कीम-2026 पर हुई चर्चा, ईपीएफओ अधिकारियों ने उद्यमियों के सवालों का दिया समाधान

हैलो हिन्द 

ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर की ओर से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में ‘ईपीएफओ लेटेस्ट गाइडलाइंस एंड स्कीम अवेयरनेस प्रोग्राम’ का आयोजन एक्सेडी इंडिया लिमिटेड, प्लॉट नंबर-9, उद्यम केंद्र, इकोटेक-3, ग्रेटर नोएडा में किया गया। वर्कशॉप में 100 से अधिक उद्यमियों, एचआर प्रमुखों, अकाउंट्स, पेरोल और कम्प्लायंस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योगों को ईपीएफओ की लेटेस्ट गाइडलाइंस, महत्वपूर्ण बदलावों, ऑनलाइन सर्विसेज और नई स्कीम्स की जानकारी देना रहा, ताकि उद्यमी वैधानिक प्रावधानों का समयबद्ध तरीके से पालन कर सकें और भविष्य में अनावश्यक कानूनी, प्रशासनिक या आर्थिक परेशानियों से बच सकें।

ईपीएफओ अधिकारियों ने दी नई गाइडलाइंस की जानकारी

कार्यक्रम में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 वैभव सिंह मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ प्रवर्तन अधिकारी रमाकांत यादव ने भी उद्यमियों को ईपीएफओ से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

वर्कशॉप में एम्प्लॉईज एनरोलमेंट कैंपेन-2026, विश्वास स्कीम-2026, ईपीएफओ की लेटेस्ट गाइडलाइंस एवं महत्वपूर्ण बदलाव, यूएएन एवं ई-नॉमिनेशन, ऑनलाइन सर्विसेज एवं डिजिटल सुविधाएं, एम्प्लॉयर्स कम्प्लायंस एवं वैधानिक दायित्व तथा ईपीएफ, ईपीएस एवं ईडीएलआई स्कीम्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रश्नोत्तर सत्र में सुलझीं उद्यमियों की समस्याएं

वर्कशॉप का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र रहा। इस दौरान उद्यमियों, एचआर और कम्प्लायंस अधिकारियों ने पीएफ से जुड़ी अपनी व्यावहारिक समस्याएं और विभिन्न प्रक्रियाओं से संबंधित सवाल सीधे ईपीएफओ अधिकारियों के सामने रखे। श्री वैभव सिंह और श्री रमाकांत यादव ने सवालों का सरल और व्यावहारिक तरीके से समाधान बताया। इससे उद्यमियों को ईपीएफओ की प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझने और भविष्य में कम्प्लायंस को मजबूत करने की जानकारी मिली।

उद्योग – शासन के बीच संवाद और सहयोग जरूरी : अमित कुमार उपाध्याय

आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि आईबीए का उद्देश्य केवल उद्योगों की समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए संबंधित सरकारी विभागों के साथ संवाद का प्रभावी मंच तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को समय-समय पर विभागीय नियमों और नई स्कीम्स की सही जानकारी मिलती रहे तो वे अनावश्यक नोटिस, ब्याज, पेनल्टी और कानूनी विवादों से बच सकते हैं। आईबीए भविष्य में भी विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से ऐसे अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित करता रहेगा, जिससे उद्योग और शासन के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग और मजबूत हो।

ईपीएफओ का उद्देश्य कर्मचारियों को सोशल सिक्योरिटी उपलब्ध कराना भी : वैभव सिंह

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 वैभव सिंह ने कहा कि ईपीएफओ का उद्देश्य केवल कानून का कम्प्लायंस सुनिश्चित कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी को सोशल सिक्योरिटी उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने एम्प्लॉईज एनरोलमेंट कैंपेन-2026 और विश्वास स्कीम-2026 को उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए सभी प्रतिष्ठानों से इन स्कीम्स का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उद्योग ईपीएफओ ऑफिस से सीधे संपर्क कर सकते हैं। विभाग का प्रयास उद्योगों को सरल, पारदर्शी और टेक्नोलॉजी आधारित सर्विसेज उपलब्ध कराना है।

एक्सेडी इंडिया लिमिटेड ने किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम के होस्ट एक्सेडी इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर हिदेताका एंडो और एजीएम (एचआर) प्रदीप कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों एवं उद्यमियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एक्सेडी इंडिया लिमिटेड की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर आईबीए महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष सुधीर त्यागी, राजेश खन्ना, श्ज्री य राना, डॉ. खुशबू सिंह, युवा कार्यकारिणी सदस्य श्री हर्ष तोमर, कार्यकारिणी सदस्य श्री अरविंद भाटी, श्री संजय पांचाल, सुश्री सिमरन खत्री, महिला उद्यमी श्रीमती पूनम यादव, डॉ. चंचल वार्ष्णेय, श्री पूरन जोशी, श्री अखिल सक्सेना, श्री अनुपम जैन, श्री राहुल त्यागी, श्री सिमरजीत सिंह सहित 100 से अधिक उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *