हरियाणा बनेगा टेक्नोलॉजी ‘ पावरहाउस ‘

Spread the love

ESDM, IT और AVGC-XR सेक्टर के लिए नई औद्योगिक नीति की तैयारी

CM नायब सैनी ने उद्योगपतियों के साथ साझा किया विजन, निवेश, रोजगार और इनोवेशन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

हैलो हिन्द 

हरियाणा सरकार राज्य को इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ESDM), आईटी, एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC-XR) सेक्टर का वैश्विक हब बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसके लिए सरकार एक नई औद्योगिक नीति तैयार कर रही है, जो निवेश आकर्षित करने, बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और अत्याधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगी।

गुरुवार को नई दिल्ली में उद्योगपतियों के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आईटी और एवीजीसी-एक्सआर सेक्टर आज देश की अर्थव्यवस्था के मजबूत स्तंभ बनते जा रहे हैं। ऐसे में हरियाणा इन उभरते क्षेत्रों में नई संभावनाओं के साथ अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत कनेक्टिविटी, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग-अनुकूल वातावरण के कारण हरियाणा वैश्विक निवेशकों के लिए तेजी से आकर्षक गंतव्य बन रहा है। नई नीति के माध्यम से सरकार राज्य में बड़े निवेश लाने, स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती देने और युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करने पर फोकस कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता हरियाणा को केवल मैन्युफैक्चरिंग हब तक सीमित नहीं रखना, बल्कि डिजिटल टेक्नोलॉजी, एनीमेशन, गेमिंग और एक्सआर आधारित भविष्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाना है। प्रस्तावित नीति में नवाचार, रिसर्च और हाई-टेक स्किल डेवलपमेंट को विशेष महत्व दिया जाएगा।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हरियाणा को देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बनाना है। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति उद्योगों की जरूरतों और भविष्य की तकनीकी मांगों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।

बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई, जिसमें निवेश को आसान बनाने, उद्योगों के लिए सुविधाएं बढ़ाने और एवीजीसी-एक्सआर जैसे उभरते क्षेत्रों में हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाने की रणनीति पर मंथन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *