बंद रास्ता खुला, रेड लाइट और पुलिस तैनाती से मिलेगी राहत
डीसीपी ट्रैफिक के साथ बैठक में तुरंत फैसले, बैरीकेड हटे, FMDA को पत्र जारी, उद्योग संगठनों ने ट्रकों की अव्यवस्था पर भी कसा शिकंजा
हैलो हिन्द
फरीदाबाद। आईएमटी इंडस्ट्रियल एरिया में लंबे समय से उद्योगों और कामगारों के लिए परेशानी बने ट्रैफिक जाम को लेकर अब ठोस समाधान की दिशा में कदम बढ़ा है। आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद (IIAF) की पहल पर प्रशासन ने न केवल बंद रास्ता खुलवाने की मंजूरी दी, बल्कि ट्रैफिक सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए हैं।

जाम की गंभीर समस्या को लेकर एसोसिएशन प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। बैठक के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नहर की ओर जाने वाले बंद रास्ते को खोलने की अनुमति दी। इस रास्ते पर लगे भारी सीमेंटेड बैरीकेड्स हटवाए गए, जिससे आईएमटी चौक पर ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है।
समस्या के स्थायी समाधान के लिए डीसीपी ट्रैफिक ने एफएमडीए को आईएमटी चौक पर रेड लाइट लगाने के लिए पत्र जारी किया है। माना जा रहा है कि सिग्नल व्यवस्था लागू होने से चौक पर वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी और जाम की स्थिति नियंत्रित की जा सकेगी।

इसके अलावा, पीक आवर्स में ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए शाम 6 बजे से 8 बजे तक तीन से चार ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं। इससे औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
आईआईएएफ ने प्रशासनिक कदमों के साथ उद्योग इकाइयों की जिम्मेदारी भी तय की है। एसोसिएशन ने सदस्यों से अपील की है कि यूनिट्स के बाहर खड़े ट्रकों की व्यवस्था दुरुस्त रखें, ताकि सड़क पर अतिक्रमण और बाधा न बने। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रतिनिधिमंडल में आईआईएएफ प्रधान प्रमोद राणा, जनरल सेक्रेटरी रश्मि सिंह, ट्रेजरर देवेंद्र गोयल, सीनियर वाइस प्रेजिडेंट एचएस सेखों, ज्वाइंट सेक्रेटरी तेज चौधरी, चेयरमैन इन्फ्रा वीपी दलाल, ब्लॉक लीडर गगन दूआ और पंकज गुप्ता शामिल रहे।
पदाधिकारियों ने कहा कि एसोसिएशन केवल जाम की समस्या तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम जारी रखेगी। फिलहाल, आईएमटी चौक पर उठाए गए ये कदम उद्योग जगत के लिए राहत की बड़ी उम्मीद बनकर उभरे हैं।


