असीम कुमार घोष हरियाणा के नए राज्यपाल बने
नई दिल्ली/फरीदाबाद। अशोक शर्मा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रोफेसर असीम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को दो राज्यों के राज्यपालों और एक केंद्रशासित प्रदेश के उपराज्यपाल की नियुक्ति की है। इसमें हरियाणा के अलावा गोवा राज्य में पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री पुष्पपति अशोक गजपति राजू को राज्यपाल नियुक्त किया गया। जबकि जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 155 के तहत की गई है और तत्काल प्रभाव से लागू होगी। वे हरियाणा के 19वें राज्यपाल होंगे। इससे पहले बंडारू दत्तात्रेय 18 जुलाई 2021 से अब तक हरियाणा के राज्यपाल थे।
———————-
कौन हैं असीम कुमार घोष
असीम कुमार घोष पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं और राज्य में उनके राजनीतिक योगदान रहा है। वे भाजपा में 1991 से सक्रिय रहे। घोष ने 1999 से 2002 तक पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उन्होंने भाजपा की टिकट पर हावड़ा लोकसभा उपचुनाव में पार्टी की ओर से मैदान भी संभाला। हालांकि उन्हें इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। असीम कुमार घोष हावड़ा, पश्चिम बंगाल के मूल निवासी हैं। उन्होंने कोलकाता के विड्यासागर कॉलेज से राजनीति शास्त्र में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने राजनीति शास्त्र में प्रोफेसर के रूप में शिक्षा प्रदान की।
———–


