
-दिल्ली के नतीजे के बाद आप का भविष्य अंधकारमय
नई दिल्ली। अशोक शर्मा
27 साल बाद दिल्ली के मतदाताओं ने भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर केजरीवाल की राजनीति को धराशायी कर दिया। चुनाव आयोग के मुताबिक, भाजपा ने करीब 48 सीट जीती। जबकि केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को 22 सीट मिल सकी। इस बदलाव में अरविंद केजरीवाल मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन अपना-अपना चुनाव हार गए। कांग्रेस को एक बार फिर दिल्ली में एक भी सीट नहीं मिली। हार के बाद केजरीवाल बोले- हमें हार स्वीकार है। भाजपा को जीत की बधाई देता हूं।
दिल्ली में भाजपा की जीत पर कई राजनीतिक विश्लेषकों और नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम करार दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत पर भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत यमुना मैया की जय के नारे से की उन्होंने दिल्लीवासियों के समर्थन के लिए उन्हें नमन किया और वादा किया कि भाजपा इस प्यार को विकास के रूप में लौटाएगी।
उन्होंने महिलाओं के समर्थन को भाजपा का सबसे बड़ा रक्षा कवच बताया और कहा कि सरकार ने हर राज्य में नारी शक्ति से किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने दिल्ली की माताओं-बहनों को आश्वासन दिया कि भाजपा उनके हर वादे को पूरा करेगी।
उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा और पूर्वोत्तर राज्यों में हुए सुधारों का उदाहरण देते हुए कहा कि अब दिल्ली भी इसी राह पर चलेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि दिल्ली के लिए एक नए युग की शुरुआत है, जिसमें विकास, विजन और विश्वास प्राथमिकता होंगे।
———-
दिल्ली के नतीजे के बाद आप का भविष्य अंधकारमय
राजनीतिक विश्लेषक मानने लगे हैं, कि दिल्ली के नतीजे के बाद आप का भविष्य अंधकारमय होने की आशंका है। इसके चलते इस पार्टी में भगदड़ की आशंका है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी विधायक दल टूटने की आशंका है। पंजाब में इसका असर पड़ने की आशंका है।
———–
दिल्ली विधानसभा चुनाव की कुछ खास बातें
2020 में भाजपा ने महज 8 सीटें जीती थीं। 2025 में 6 गुना ज्यादा यानी 48 से ज्यादा सीटों पर जीती।
केजरीवाल की नई दिल्ली सीट पर 20 उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई। इन्हें मिले वोट तीन अंक तक भी नहीं पहुंच सके।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों के अनुसार, कांग्रेस के 70 में से 68 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।
केजरीवाल को प्रवेश वर्मा ने 4089 वोटों से हाराया, जबकि संदीप दीक्षित को 4568 वोट ही मिले।
भाजपा के दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटे चुनाव जीत गए हैं। नई दिल्ली से प्रवेश वर्मा और मोतीनगर से हरीश खुराना। प्रवेश पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। खुराना पूर्व सीएम मदन लाल खुराना के बेटे हैं।
———–


