अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2024::::मेवात के स्वयं सहायता समूह ने स्वरोजगार के ज़रिए बनाई अलग पहचान

Spread the love

अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला 2024::::मेवात के स्वयं सहायता समूह ने स्वरोजगार के ज़रिए बनाई अलग पहचान

 

लड्डू गोपाल की पोशाक से मिले आशीर्वाद को व्यवसाय में बदला

 

महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़कर खुद लिख रही अपनी सफलता की दास्तां

नई दिल्ली। हैलो हिंद

(ashoksharma@hellohind.in)

 

नई दिल्ली में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले – 2024 के ‘हरियाणा मंडपम’ में कारीगर अपनी अलग उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं। इसी श्रृंखला में हरियाणा के मेवात का ‘शीतल’ स्वयं सहायता समूह भगवान लड्डू गोपाल की आकर्षक पोशाकें डिज़ाइन करके दर्शकों और आगंतुकों से वाह वाही पा रहा है। इस स्वयं सहायता समूह से जुड़ महिलाएं न केवल घर की आर्थिक स्थिति को बेहतर बना रही हैं बल्कि अन्य महिलाओं को भी इस दिशा में कदम रखकर जागरूक कर रही हैं।

शीतल सेल्फ हेल्प ग्रुप स्टॉल पर लड्डू गोपाल की मूर्ति, मनोरम पोशाक, सुंदर गहने, पगड़ी, मुकुट, बैड और कंबल मेले में आने वाले सभी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बच्चा हो या बड़ा लड्डू गोपाल के रंग – बिरंगे स्वरूप, अनुपम छटा और पोशाकों को देखकर लोग अनायास ही इस स्टॉल की ओर खिंचे चले आ रहे हैं।

ग्रुप की संचालक सुश्री प्रीति ने बताया कि उन्होंने 2016 में सरकारी योजना से जुड़े स्वयं सहायता समूह के बारे में सुना। आस-पास से पता चला कि इस ग्रुप से जुड़ने पर कई तरह की सुविधाएं भी उपलब्ध है, तो केवल मैं ही नहीं मेरी सास और जेठानी ने भी समूह से जुड़ने की ठानी। हम भगवान लड्डू गोपाल की पोशाकें तो पहले से ही बना रहे थे और फिर हमने शीतल स्वयं सहायता समूह से जुड़ने का बेहतर निर्णय लिया। समूह की सभी महिलाओं ने लड्डू गोपाल की पोशाक बनाने का कार्य आरम्भ किया  और इस तरह ग्रुप की सभी महिलाओं ने मिलकर पोशाक तैयार करना शुरू किया। आज हमारी बनाई पोशाक की डिमांड न केवल मेलों में बल्कि धार्मिक स्थलों में भी बढ़ रही है। ग्रुप में कुछ महिलाएं सिलाई का काम करती है तथा कुछ पेपर पेस्टिंग का काम देखती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा दी जा रही इस सहायता राशि से बहुत सी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपनी सफलता की दास्तां खुद लिख रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *